महातपस्वी महाश्रमण से नारायणमुनि स्वामी सहित अनेक संतों का हुआ समागमन
बड़े सौभाग्य से आपके दर्शन का अवसर मिला : स्वामी नारायणमुनि
जैविभा ने जय तुलसी विद्या पुरस्कार समारोह का किया आयोजन
18.10.2024, शुक्रवार, वेसु, सूरत (गुजरात) :
जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी की मंगल सन्निधि में शुक्रवार को प्रातः स्वामीनारायण सम्प्रदाय के सारंगपुर स्थित संत तालिम केन्द्र के मुख्य सिनियर संत नारायणमुनि स्वामी, स्वामीनारायण मंदिर-सूरत के उत्तमप्रकाश स्वामीजी सहित अनेक संत उपस्थित हुए। मंगल प्रवचन से पूर्व आचार्यश्री के प्रवास कक्ष में ही सभी ने आचार्यश्री को वंदन-अभिनंदन कर स्थान ग्रहण किया। आचार्यश्री का उनसे लम्बे समय तक वार्तालाप का क्रम रहा। वार्तालाप के उपरान्त आचार्यश्री संग स्वामीनारायण संप्रदाय के संत भी आज के मुख्य प्रवचन कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए उपस्थित हुए।
महावीर समवसरण में मंच पर युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी की श्वेत वस्त्रधारी संत शोभायमान हो रहे थे तो दूसरी ओर स्वामीनारायण संप्रदाय के संत केशरिया वस्त्र में सुशोभित हो रहे थे। समुपस्थित जनता को युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने पावन प्रतिबोध प्रदान करते हुए कहा कि आयारो आगम में बताया गया है कि शब्द, रूप, रस, गंध और स्पर्श- इनको ग्रहण करने के लिए हमारी पांच इन्द्रियां कान, आंख, जिह्वा, नाक और त्वचा हैं। कान से शब्द को ग्रहण किया जाता है। आंखों के द्वारा रूप को देखते हैं। नाक से गंध से लेते हैं। जिह्वा से स्वाद लेते हैं, चखते हैं। त्वचा से स्पर्श का अनुभव करते हैं। पांच इन्द्रियों के पांच व्यापार अर्थात् ये पांच प्रवृत्तियां करता है।
इन पांच इन्द्रियों से आदमी विषयों को ग्रहण कर ज्ञान प्राप्त करते हैं। जहां तक ज्ञान की बात है, वहां तक तो ठीक है, लेकिन जहां इन्द्रियों के विषयों के ग्रहण करने में राग-द्वेष आ गया, वहां विकृति आ जाती है। जैसे आदमी कुछ सुना, गुस्से में आ गया, किसी को देखा क्रोध से तमतमा उठा। इस प्रकार की विकृति आ जाती है, वहां बात ठीक नहीं होती, इसलिए आदमी को विकृति में नहीं अपनी प्रकृति में रहने का प्रयास करना चाहिए। सुनना और देखना प्रवृत्ति होता है, लेकिन राग-द्वेष करना वह मानव की विकृति हो जाती है। जितना संभव हो सके, आदमी को प्रकृति में रहने का प्रयास करें। जो सुनने लायक हो, उसे सुनने का प्रयास हो और जो देखने लायक हो उसे देखने का प्रयास करें और नहीं देखने लायक है, उसे नहीं देखना चाहिए। आदमी को अपने इन्द्रियों को संयमित रखने का प्रयास करना चाहिए।

0 Comments