Editors Choice

3/recent/post-list

सूरत 2024 चातुर्मास की घोषणा

05.09.22, छापर, तेरापंथ धर्मसंघ के एकदशमाधिशास्ता परमपूज्य आचार्य श्री महाश्रमणजी ने पहले ही फरमा रखा था कि वर्ष 2024 का चातुर्मास किस शहर में होगा इसकी घोषणा 5 सितम्बर 2022 के दिन प्रातःकालीन प्रवचन में होगी। जब 5 सितम्बर का सूर्य उगा तो सभी उम्मीदवारी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की जहां उम्मीदें हिलोरें लेने लगी वहीं उनकी धड़कने भी बढ़ने लगी थी।


सूरत महानगर में पूज्य गुरुदेव के चातुर्मास की मांग वैसे तो वर्ष 2012 के जसोल चातुर्मास से ही होती आई है व जहां जहां गुरुदेव के चातुर्मास सम्पन्न हुए हैं वहां वहां सूरत के श्रद्धालु वर्ष 2024 का चातुर्मास सूरत को बख्शाने की विनती की। 14 अगस्त 2022 को जब सूरत से तेरापंथ समाज का एक विशाल संघ चातुर्मास की अर्ज के साथ छापर पहुंचा व वीडियो प्रंजेटेशन के माध्यम से प्रभावी प्रस्तुति दी। महज 20 दिनों के अंतराल में सूरत के श्रद्धालु पूज्यवर के श्री चरणों में दो बार पहुंचे व दोनों बार चातुर्मास की पुरजोर मांग की। पूर्व में तो तेरापंथ महासभा के पूर्व अध्यक्ष व समर्पित श्रावक श्री जस करण चोपड़ा ने तथा भगवान महावीर यूनिवर्सिटी के प्रबन्धक तथा तेरापंथ धर्म संघ के वरिष्ठ श्रावक प्रो डॉ संजय जैन एवं तेरापंथ सभा के पूर्व अध्यक्ष श्री भारत भूषण जैन ने भी पूज्य प्रवर के सान्निध्य में पहुंच कर वर्ष 2024 के चातुर्मास की विशेष अर्ज की थी।

5 सितम्बर का दिन शिक्षक दिवस था व तेरापंथ धर्म संघ के 29 वें विकास महोत्सव का आयोजन भी पूज्यप्रवर के सान्निध्य में आयोजित था। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल की उपस्थिति में आयोजित विकास महोत्सव में हजारों हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब सा उमड़ा हुआ था। आचार्य कालू-महाश्रमण समवसरण के विशालतम पांडाल में उपस्थित श्रद्धालु पूज्य गुरुदेव के श्रीमुख से वर्ष 2024 के चातुर्मास की घोषणा सुनने हेतु आतुर व बेताब थे।

पूज्य प्रवर ने घोषणा की और फ़रमाया - "परम् आराध्य भगवान महावीर, परम् श्रद्धेय आचार्य श्री भिक्षु व उत्तरवर्ती आचार्य परम्परा के आचार्य श्री तुलसी, आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी का सश्रद्धा वंदन व स्मरण करते हुए द्रव्य, काल, क्षेत्र भाव की अनुकलता की स्थिति में वर्ष 2024 व विक्रम संवत 2081 का चातुर्मास सूरत गुजरात में करने के भाव है।"

परमपूज्य गुरुदेव की इस महत्वपूर्ण घोषणा से प्रवचन पांडाल में मौजूद सूरत सहित सम्पूर्ण गुजरात के हजारों हजारों श्रावकों के चेहरे खिल उठे व ओम अर्हम तथा गुरुदेव हम आपके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं के उद्घोष बड़े ही जोशोखरोश से लगने लगे व सूरत के श्रावक श्राविकाएं एक दूसरे को बधाइयां देने लगे तथा अधिकांश श्रद्धालु मोबाइल द्वारा ये खुशखबरी जगह जगह देने लगे।

प्रवचन पंडाल में मौजूद तेरापंथ सभा ट्रस्ट के पूर्व मैनेजिंग ट्रस्टी तथा अक्षय तृतीया प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष श्री संजय सुराणा, जैन विश्व भारती से जुड़े श्री चंपक भाई मेहता तथा तेरापंथ सभा के अध्यक्ष श्री नरपत कोचर ने पूज्य गुरुदेव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की व धर्म संघ के कर्मठ कार्यकर्ता व गायक श्री प्रकाश डाकलिया ने मधुर कंठ में गीतिका की प्रस्तुति दी।

चातुर्मास रूपी लॉटरी सूरत के हाथ लगने के पीछे सूरत में चातुरमासार्थ विराजित मुनि श्री उदित कुमार जी की सराहनीय व प्रेरक भूमिका रही व सूरत के तेरापंथ समाज मे चेतना का नव संचार करने में मुनि श्री ने अथक प्रयास किया । निश्चित रूप से सूरत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण दक्षिण गुजरात का तेरापंथ समाज पूज्यप्रवर द्वारा चातुर्मास प्रदान करने हेतु ऋणी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments