14.08.24, सूरत। सिल्क सिटि सूरत के वेसु में स्थित भगवान महावीर युनिवर्सिटि परिसर में संयम विहार में चतुर्मास कर रहे जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी की मंगल सन्निधि में नित नवीन गतिविधियों और कार्यक्रमों का समायोजन हो रहा है। अनेक उपक्रम भी चलाए जा रहे हैं। बुधवार को प्रातः मंगल प्रवचन से पूर्व युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी चतुर्मास प्रवास स्थल में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जीत ‘महाश्रमण दर्शन म्यूजियम’ में पधारे। आचार्यश्री के श्रीमुख से मंगलपाठ का श्रवण कर महासभा के अध्यक्ष श्री मनसुखलाल सेठिया व चतुर्मास प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष श्री संजय सुराणा ने म्यूजियम का लोकार्पण किया। आचार्यश्री ने सम्पूर्ण म्यूजियम का अवलोकन किया। इस म्यूजियम में मोशन सेंसर गेम के द्वारा सत्संस्कार, वर्चुअल रियलटी के माध्यम से महाश्रमण संवाद, ट्रेडमिल के माध्यम से अहिंसा यात्रा का अनुभव, माइन्ड गेम से महाश्रमण आह्वान, प्रोजेक्शन मैपिंग द्वारा महाश्रमण जीवन दर्शन, टच बेस्ड टेक्नोलॉजी द्वारा अहिंसा यात्रा दर्शन, महाप्राण ध्वनि, प्रेक्षाध्यान कक्ष, 180 डिग्री फिल्म आदि अनेक संभाग बने हुए हैं, जो लोगों को जैन धर्म, तेरापंथ धर्मसंघ, आचार्यश्री महाश्रमणजी के जीवन दर्शन कराने वाली है।









0 Comments